रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। खेल निदेशालय लखनऊ के तत्वावधान में जिला खेल कार्यालय मुजफ्फरनगर द्वारा आयोजित चार दिवसीय विभिन्न खेलों की जिला स्तरीय जूनियर बालक एवं बालिका प्रतियोगिता के दूसरे दिन रविवार को जूडो, कुश्ती, हैंडबॉल, बैडमिंटन और हॉकी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
दूसरे दिन की प्रतियोगिताओं का उद्घाटन वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी श्री रोशन लाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस दौरान मैदान और प्रतियोगिता स्थलों पर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। जिले भर से पहुंचे बालक और बालिका वर्ग के प्रतिभागियों ने अलग-अलग खेलों में दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों और खेल अधिकारियों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
प्रतियोगिताओं के समापन के बाद विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया। पुरस्कार वितरण अंतरराष्ट्रीय पैरा एशियाई मेडलिस्ट खिलाड़ी श्री विजय तोमर ने किया। हैंडबॉल में 52, कुश्ती में 80, बैडमिंटन में 48, जूडो में 64 तथा हॉकी में 34 विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। खिलाड़ियों को सम्मानित किए जाने के दौरान समारोह का माहौल उत्साह और तालियों की गूंज से भर उठा।
कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों, वरिष्ठ खिलाड़ियों और निर्णायकों का सम्मान प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी श्री भूपेंद्र सिंह यादव तथा उप क्रीड़ा अधिकारी कुमारी पूनम बिश्नोई ने बुके भेंट कर और बैज लगाकर किया। आयोजन को सफल बनाने में विभागीय अधिकारियों, प्रशिक्षकों और खेल से जुड़े लोगों की सक्रिय भूमिका रही।
प्रतियोगिता के दौरान श्री प्रदीप कुमार, अंशकालिक प्रशिक्षक, श्री मनीष शर्मा, श्री रवि सिंह, रवि विकास सैनी, श्री सुशील कुमार, श्री कालूराम अध्यक्ष कुश्ती उत्थान समिति, श्री राम कुमार, श्री नमन कुमार, श्री परमजीत कुमार, कुमारी साक्षी, कुमारी मीनाक्षी, श्री केशव, श्री यशपाल सिंह, श्री कार्तिक बालियान, श्री समय सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के दूसरे दिन हुए मुकाबलों ने यह साबित कर दिया कि जनपद में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ उन्हें सही मंच, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की है, ताकि यही खिलाड़ी भविष्य में प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।

