ईख के खेत में मिला मासूम का शव, गांव में मातम

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के भौराकलां थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। घर से खेलने निकला आठ साल का मासूम जब वापस नहीं लौटा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई… तलाश जारी थी… लेकिन अगले ही दिन जो सामने आया, उसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। ईख के खेत में मासूम का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।
घटना भौराकलां थाना क्षेत्र के गांव भौराखुर्द की है। 6 जनवरी को गांव निवासी जमील उर्फ भीम ने पुलिस को सूचना दी कि उनका आठ वर्षीय बेटा शाम करीब साढ़े चार बजे घर से खेलने के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर बच्चे की तलाश की, लेकिन जब कहीं कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई।


सूचना मिलते ही भौराकलां पुलिस हरकत में आई। पुलिस टीम गठित कर गांव और आसपास के इलाकों में बच्चे की तलाश शुरू की गई। परिजनों के साथ पुलिस ने संभावित स्थानों पर खोजबीन की, रास्तों और चौराहों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए, लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चल सका।

बुधवार 7 जनवरी की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के ही एक ईख के खेत में बच्चे का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। सूचना पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी फुगाना यतेन्द्र नागर और थाना प्रभारी मानवेन्द्र सिंह भाटी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। खेत और उसके आसपास के इलाके में साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की गई। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुट गई है। मासूम की मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने मृतक बच्चे के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे जो भी कारण हैं, उनका जल्द खुलासा किया जाएगा।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। एसएसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि आसपास के लोगों से गहन पूछताछ की जाए, तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया जाए, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके।

मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सभी पहलुओं पर पुलिस काम कर रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *