Headlines

तेज रफ्तार ने छीनी जिंदगी: ट्रैक्टर-ट्रॉली से आमने-सामने की टक्कर में 22 वर्षीय युवक की मौत, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर


मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना थाना क्षेत्र में सोमवार रात करीब आठ बजे रफ्तार का कहर एक और परिवार पर टूट पड़ा। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने की भीषण टक्कर में 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि टक्कर की तेज आवाज दूर तक सुनाई दी और कुछ ही पलों में खुशहाल घर मातम में बदल गया।
मृतक की पहचान गांव जौला निवासी संनवर पुत्र ग्यासु (22 वर्ष) के रूप में हुई है।
खबर उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना से है आपको बता दें परिजनों के अनुसार संनवर किसी जरूरी काम से बुढ़ाना गया था और रात में मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही वह रामकुमार भट्टे के पास पहुंचा, सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक सड़क के बीच आ गई। अचानक सामने आए भारी वाहन को देखकर संनवर को संभलने का मौका नहीं मिला और उसकी बाइक सीधे ट्रैक्टर से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और संनवर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जबकि ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना के चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात ठप हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। बुढ़ाना थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली, सड़क से ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
गांव जौला में जैसे ही हादसे की खबर पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार संनवर विवाहित था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। वह अपने परिवार का एकमात्र सहारा था, जिसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है और तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *