Headlines

आज़ाद समाज पार्टी की संवैधानिक अधिकार रैली में उमड़ी युवाओं की ऐतिहासिक भीड़

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। जीआईसी मैदान में आज वह नज़ारा देखने को मिला, जिसकी तैयारी कई दिनों से की जा रही थी। आज़ाद समाज पार्टी की संवैधानिक अधिकार बचाओ महा रैली में युवाओं, किसानों, महिलाओं और सामाजिक संगठनों की ऐसी भीड़ उमड़ी कि मैदान का हर कोना खचाखच भर गया। रैली में पार्टी प्रमुख और नगीना सांसद चंद्रशेखर आज़ाद का आगमन होते ही जनसैलाब में जोरदार उत्साह फैल गया। इस मौके पर मुज़फ्फरनगर के पूर्व विधायक शाहनवाज़ राणा ने भी मंच से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

आज की इस महा रैली को लेकर सुबह से ही जीआईसी मैदान के आसपास हजारों की संख्या में युवाओं का पहुंचना शुरू हो गया था। जैसे-जैसे रैली का समय नज़दीक आता गया, मैदान में लोगों की भीड़ लगातार बढ़ती चली गई। सुरक्षा के खास बंदोबस्त के बीच चंद्रशेखर आज़ाद मंच पर पहुंचे और संविधान की प्रति उठाकर जनता का अभिवादन किया। उन्होंने न सिर्फ मंच पर मौजूद नेताओं, बल्कि पूरे मैदान में खड़े हजारों युवाओं को संविधान की शपथ दिलाई।

अपने संबोधन में चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि संवैधानिक अधिकारों पर हो रहे हमलों के खिलाफ अब आर-पार की लड़ाई शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जनवरी से पूरे प्रदेश में संवैधानिक अधिकार बचाओ अभियान की विशाल रैलियाँ आयोजित की जाएंगी और इसका बड़ा समापन लखनऊ में होगा। मंच से उन्होंने साफ आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के प्रशासन ने रैली में आने वाली भीड़ को रोकने की कोशिश की, लेकिन युवाओं की एकजुटता ने तमाम रुकावटों को ध्वस्त कर दिया।

चंद्रशेखर आज़ाद ने 2 अप्रैल की घटना का ज़िक्र करते हुए भावुक अंदाज़ में कहा कि इसी शहर में मेरे भाई पर गोली चलाई गई थी, लेकिन आज तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों की आवाज़ उठाना मेरा कर्तव्य है और मैं सड़क से लेकर संसद तक इस लड़ाई को जारी रखूंगा।

रैली में मौजूद भीम आर्मी प्रमुख विनय रतन ने कहा कि आज मुज़फ्फरनगर की यह पंचायत इस बात का प्रमाण है कि 2027 में परिवर्तन तय है। उन्होंने बाबा बागेश्वर की यात्रा पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “बाबा बागेश्वर अभी बच्चे हैं।” साथ ही यह भी कहा कि जिले के बड़े नेता जब आज एक मंच पर आए हैं, तो इससे स्पष्ट है कि आज़ाद समाज पार्टी की पकड़ ज़िले में लगातार मजबूत होती जा रही है।

आज पार्टी में शामिल हुए पूर्व विधायक शाहनवाज़ राणा ने कहा कि आज़ाद समाज पार्टी के प्रत्याशियों को हर जिले में अच्छा समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत और ग्राम सभा चुनावों में भी पार्टी का प्रदर्शन बेहतरीन रहेगा। उन्होंने यह भी बताया कि गवर्नमेंट मैदान में इससे पहले कई चुनावी रैलियाँ हुई हैं, लेकिन आज जैसी रिकॉर्ड तोड़ भीड़ कभी देखने को नहीं मिली। मैदान में मौजूद जनसैलाब चंद्रशेखर आज़ाद के बढ़ते कद का प्रमाण है।

रैली के दौरान मंच के सामने युवाओं की लंबी कतारें लगी रहीं। सड़क से लेकर मैदान तक संविधान की प्रतियां लहराते युवा— “संविधान बचाओ, अधिकार बचाओ” जैसे नारे लगातार लगाते रहे। आसपास के कस्बों और गांवों से आए बड़ी संख्या में लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली, कार और बाइक से रैली में पहुंचे।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मुज़फ्फरनगर की यह रैली 2027 के चुनावी समीकरणों को सीधे प्रभावित करने वाली है। भीड़ का इतना बड़ा जमावड़ा यह संकेत दे रहा है कि युवाओं की नई ऊर्जा अब राजनीतिक परिस्थितियों को बदलने की क्षमता रखती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *