भाकियू की बैठक में उठी जनसमस्याओं की गूंज, कई विभागों पर लापरवाही के आरोप

Spread the love

रिपोर्ट – अनिल कुमार


फतेहपुर। जिले में लगातार सामने आ रही मूलभूत समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने बुधवार को जिला अध्यक्ष नवल सिंह पटेल के नेतृत्व में बैठक आयोजित की, जिसमें कई गंभीर मुद्दों पर चर्चा करते हुए समाधान की मांग उठाई गई। बैठक में सबसे पहले जल जीवन मिशन के तहत गांवों में बिछाई गई पाइपलाइन को पूरी तरह क्षतिग्रस्त बताते हुए किसानों ने कहा कि खराब पाइपलाइन के कारण पेयजल आपूर्ति ठप है। संगठन ने प्रशासन से पानी की सप्लाई सुचारू कराने और क्षतिग्रस्त लाइनों की तत्काल मरम्मत की मांग की। इसके साथ ही जनपद के पावर हाउसों में तैनात स्थानीय S.S.O. की पोस्टिंग को लेकर भी सवाल उठाए गए। भाकियू कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि स्थानीय S.S.O. वर्षों से एक ही पावर हाउस पर तैनात हैं, जिससे पारदर्शिता प्रभावित हो रही है। संगठन ने इनकी तैनाती अन्य क्षेत्रों में करने की मांग रखी। खागा तहसील के दरियामऊ गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बन रहे श्रीचंद के मकान की छत न डाले जाने को लेकर भी नाराजगी जताई गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्थानीय स्तर पर हो रही बाधाएं गरीब परिवार के मकान निर्माण में रोड़ा बन रही हैं, जिसकी जांच आवश्यक है। यूरिया की उपलब्धता पर भी किसानों ने गंभीर आरोप लगाए। बैठक में कहा गया कि समितियों में यूरिया की आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जबकि कई निजी दुकानदार ओवररेट पर खाद बेच रहे हैं। संगठन ने जिला प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की। इसी दौरान सहकारी समिति खासमऊ में किसान नेता रामबाबू को खाद न देने और दबंगों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला भी उठाया गया। भाकियू ने इसे गंभीर बताते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा रावतपुर माइनर की सफाई, तथा निचली गंगा नहर रावतपुर पुल के पास हो रही मिट्टी कटान को रोकने के लिए पत्थर लगवाए जाने की मांग भी जोरदार तरीके से उठाई गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि मिट्टी कटान के कारण सड़क और किनारे की खेती लगातार क्षतिग्रस्त हो रही है। बैठक में बड़ी संख्या में भाकियू पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे तथा समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए ज्ञापन सौंपने की रणनीति बनाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *