रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जिले में लगातार बढ़ते तापमान और लू के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार ने जनहित में विस्तृत एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने और लापरवाही न बरतने की अपील की है। प्रशासन ने साफ कहा है कि थोड़ी सी चूक भी जानलेवा साबित हो सकती है।
एडवाइजरी में कहा गया है कि हीट वेव से बचाव के लिए लोग पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, भले ही प्यास न लगी हो। शरीर में पानी की कमी न होने दें और लस्सी, छाछ, नींबू पानी तथा चावल के माड़ जैसे घरेलू पेयों का सेवन करें। वहीं चाय, कॉफी और अधिक शर्करा वाले ठंडे पेयों से दूरी बनाने की सलाह दी गई है।
बाहर निकलने वालों को हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े पहनने की हिदायत दी गई है। सिर को ढककर रखें तथा छाता, टोपी या गमछे का प्रयोग करें। तेज धूप में निकलते समय चेहरे, हाथ और पैरों को ढकने के साथ समय-समय पर गीले कपड़े से शरीर को ठंडा रखने को कहा गया है।
प्रशासन ने दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सख्त सलाह दी है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बीमार व्यक्तियों का अतिरिक्त ध्यान रखने को कहा गया है।
एडवाइजरी में चेताया गया है कि यदि कोई व्यक्ति लू की चपेट में आ जाए तो उसे तुरंत छांव में लिटाएं, शरीर को गीले कपड़े से ठंडा करें या नहलाएं और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से संपर्क करें। कमजोरी, चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी, अत्यधिक पसीना या बेहोशी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें।
घर को ठंडा रखने के लिए दिन में खिड़कियों और पर्दों का उपयोग करें, जबकि रात के समय घर को खुला रखें। कार्यस्थलों पर श्रमिकों के लिए ठंडे स्थान, पर्याप्त पानी और विश्राम की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
एडीएम गजेंद्र कुमार ने कहा कि बच्चों और जानवरों को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ें, गहरे रंग के भारी कपड़ों से बचें और बासी या संदिग्ध खाद्य पदार्थों का सेवन न करें। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सावधानी ही इस भीषण गर्मी से सबसे बड़ा बचाव है।

