रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में आयोजित किसान दिवस एक बार फिर किसानों की ज्वलंत समस्याओं का मंच बन गया, जहां गन्ना भुगतान, प्रदूषण और कृषि योजनाओं के क्रियान्वयन जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह ने की, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
किसान दिवस के दौरान अधिकारियों ने पिछली बैठक में उठाई गई शिकायतों के निस्तारण की स्थिति से किसानों को अवगत कराया। साथ ही कृषि एवं इससे जुड़े विभागों की योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई, ताकि किसान इनका अधिकतम लाभ उठा सकें।
बैठक में किसानों ने गन्ना भुगतान में हो रही देरी को लेकर नाराजगी जताई और शीघ्र भुगतान की मांग उठाई। इस पर जिला गन्ना अधिकारी ने भरोसा दिलाया कि बकाया भुगतान जल्द कराया जाएगा और किसानों को नई प्रजाति के गन्ने की बुवाई के लिए भी प्रेरित किया गया।🥰
वहीं, ग्राम पिनना निवासी सुमित मलिक ने पेपर मिलों से फैल रहे प्रदूषण और कचरा जलाने की समस्या को गंभीरता से उठाया। उन्होंने कहा कि इससे पर्यावरण के साथ-साथ ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर भी विपरीत असर पड़ रहा है। इस पर अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सख्त निर्देश देते हुए समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों की निस्तारण आख्या जन शिकायत मोबाइल ऐप पर अपलोड की जाए और उसकी हार्ड कॉपी उप कृषि निदेशक कार्यालय में भी उपलब्ध कराई जाए।
साथ ही उन्होंने आगामी किसान समाधान दिवस में सभी संबंधित अधिकारियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने किसानों का आभार व्यक्त करते हुए किसान दिवस का समापन किया।
किसान दिवस में उठे मुद्दों और प्रशासन के आश्वासनों के बीच अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जमीनी स्तर पर समस्याओं का समाधान कितनी तेजी से होता है।

