रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने मोरना और भोपा के स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की बारीकी से पड़ताल की, वहीं गांवों में पहुंचकर संचारी रोग नियंत्रण अभियान की हकीकत भी परखी। निरीक्षण के दौरान जहां खामियां मिलीं, वहां सुधार के सख्त निर्देश दिए गए।
सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोरना और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपा में ओपीडी व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता, प्रसूति सेवाएं, लैब जांच, साफ-सफाई और रिकॉर्ड संधारण का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय कुमार को निर्देशित किया कि मरीजों को बेहतर और त्वरित इलाज मिले, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखी जाएं। साफ-सफाई और दवा वितरण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद सीएमओ मोरना ब्लॉक के गांव सिकंदरपुर पहुंचे, जहां उन्होंने संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत घर-घर जाकर सर्वे कार्य का निरीक्षण किया। आशा और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से जानकारी लेते हुए उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और डेंगू, मलेरिया व चिकनगुनिया जैसे खतरनाक रोगों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जलभराव न होने दें और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को तत्काल नष्ट किया जाए।
निरीक्षण के क्रम में ग्राम कमहेड़ा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी जायजा लिया गया, जहां NQAS सर्टिफिकेशन की तैयारियों को परखा गया। सीएमओ ने दवाओं की उपलब्धता, उपकरणों की कार्यशीलता, संक्रमण नियंत्रण और रिकॉर्ड सिस्टम की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर मरीजों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
सीएमओ ने दो टूक कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान को पूरी गंभीरता से लागू किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर गुणवत्ता और पारदर्शिता ही प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि आमजन को सुरक्षित और बेहतर इलाज मिल सके।

