रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। महिला सशक्तिकरण को ज़मीन पर उतारने के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 के तहत मंगलवार को एक अनोखी पहल देखने को मिली, जब एक मेधावी छात्रा ने एक दिन के लिए जिले की कानून-व्यवस्था की कमान संभाली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने भागवन्ती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की छात्रा प्रिया यादव को एक दिवस के लिए एसएसपी का दायित्व सौंपकर न सिर्फ उसे प्रशासनिक कार्यों से रूबरू कराया, बल्कि बेटियों के आत्मविश्वास को भी नई उड़ान दी।
पुलिस कार्यालय में “एक दिन की एसएसपी” बनी प्रिया यादव ने पूरी जिम्मेदारी के साथ जनसुनवाई की और आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान उसने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, जिससे यह साफ दिखा कि नई पीढ़ी में नेतृत्व क्षमता की कोई कमी नहीं है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की अन्य छात्राएं और शिक्षिकाएं भी पुलिस कार्यालय पहुंचीं और एसएसपी से शिष्टाचार भेंट की। इस मौके पर छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रिया और प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने छात्राओं को बताया कि किस तरह चुनौतियों के बीच निर्णय लिए जाते हैं और समाज में शांति व्यवस्था बनाए रखी जाती है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि बेटियों को व्यवहारिक अनुभव देकर उन्हें सशक्त बनाना है, ताकि वे भविष्य में आत्मनिर्भर बनकर समाज में अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकें।
इस पहल ने न सिर्फ छात्राओं के चेहरे पर आत्मविश्वास की चमक लाई, बल्कि यह भी संदेश दिया कि अब बेटियां हर जिम्मेदारी निभाने के लिए पूरी तरह सक्षम हैं।

