अंबेडकर प्रतिमा से छेड़छाड़ पर भड़का गुस्सा, 24 घंटे में गिरफ्तारी की मांग

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। ग्राम वहलना में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना ने क्षेत्र में तनाव का माहौल पैदा कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिलाध्यक्ष पूजा अनिल अंबेडकर मौके पर पहुंचीं और आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराते हुए सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
पूजा अनिल अंबेडकर ने कहा कि बाबा साहब की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि पूरे समाज और संविधान की भावना पर सीधा प्रहार है। उन्होंने प्रशासन से वार्ता कर तत्काल नई प्रतिमा स्थापित कराने और दोषियों की 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि अगर समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी।
उन्होंने कहा कि एक ओर समाजवादी पार्टी 14 अप्रैल को बाबा साहब की जयंती को हर स्तर पर मनाने की तैयारी कर रही है, वहीं कुछ असामाजिक तत्व ऐसी हरकतों से माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन बाबा साहब के विचारों और उनके द्वारा रचित संविधान की मजबूती को कोई कमजोर नहीं कर सकता।
ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी रोष है और उन्होंने भी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *