रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही राज्य स्तरीय आमंत्रण ओपन पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों का जोश और मुकाबलों का रोमांच चरम पर रहा। मैदान पर जहां एक ओर दमदार टैकल और तेजतर्रार रेड्स देखने को मिलीं, वहीं दूसरी ओर दर्शकों की तालियों ने खिलाड़ियों का उत्साह दोगुना कर दिया।
द्वितीय दिवस का शुभारंभ प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने हापुड़ और शामली की टीमों के बीच मुकाबले की शुरुआत कर किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रदेश व केंद्र सरकार की खेल नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार खिलाड़ियों को सम्मान और बेहतर अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन कुल आठ लीग मैच खेले गए, जिनमें कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। मथुरा ने सुल्तानपुर को 39-31 से हराकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की, जबकि बागपत ने मेरठ को 32-16 से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। बिजनौर के खिलाफ शामली की टीम 34-15 से विजयी रही और हापुड़ के खिलाफ भी 32-15 से जीत हासिल कर अपना दबदबा कायम रखा।
मेजबान मुजफ्फरनगर की टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए सहारनपुर को 25-15 से मात दी। वहीं मथुरा ने गाजियाबाद को 38-13 से हराकर अपनी ताकत का एहसास कराया। बिजनौर ने हापुड़ को 32-19 से हराया, जबकि सुल्तानपुर ने गाजियाबाद को 45-36 से शिकस्त देकर मुकाबलों में रोमांच बनाए रखा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि कपिल देव अग्रवाल का पुष्पगुच्छ, मोमेंटो और पटका पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। साथ ही प्रतियोगिता में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों एवं निर्णायकों का भी सम्मान किया गया। आयोजन की व्यवस्था और संचालन में जिला कबड्डी संघ, खेल विभाग के अधिकारियों और स्टाफ का विशेष योगदान रहा, जिनकी मेहनत से प्रतियोगिता सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो रही है।
कुल मिलाकर प्रतियोगिता का दूसरा दिन रोमांच, प्रतिस्पर्धा और खेल भावना का बेहतरीन उदाहरण बनकर सामने आया, जहां हर टीम ने जीत के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

