ईद का त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

Spread the love

रिपोर्ट – मो0 नसीम

बाराबंकी। बाराबंकी के आज ईद का त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शुक्रवार को चांद दिखने के बाद से ही घरों में तैयारियां शुरू हो गई थीं। शनिवार सुबह बड़ी संख्या में रोजेदारों ने ईदगाह पहुंचकर नमाज अदा की और देश में अमन-चैन व शांति के लिए दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।

इस अवसर पर सुबेहा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत सुबेहा कस्बा स्थित ईदगाह में सबसे अधिक भीड़ देखी गई। खराब मौसम के बावजूद लोगों में उत्साह बना रहा। सुबह नहा-धोकर नए कपड़े पहनकर लोग नमाज अदा करने के लिए ईदगाह पहुंचे।

धीरे-धीरे ईदगाह परिसर में लोगों की भीड़ बढ़ती गई और थोड़ी ही देर में पूरा परिसर नमाजियों से भर गया। बच्चों में भी विशेष उत्साह देखा गया। वे भी अपने अभिभावकों के साथ ईदगाह पहुंचे और नमाज में शामिल हुए।

नमाज अदा करने के बाद ईदगाह परिसर में लगे मेले का लोगों ने आनंद लिया। विभिन्न पकवानों का स्वाद चखा और बच्चों ने खिलौने खरीदे। इस दौरान चारों ओर खुशी का माहौल रहा।

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी पुलिस बल मुस्तैद रहा। चौराहे से लेकर ईदगाह परिसर तक पुलिसकर्मी तैनात थे। नायब तहसीलदार रामजी द्विवेदी और प्रभारी निरीक्षक यशकांत सिंह भी ईदगाह परिसर में मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *