रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। शहर में कारोबारी से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और हत्या की साजिश रचने वाले दो शातिर बदमाशों को सिविल लाइन पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी कांबिंग के दौरान दबोच लिया गया। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार पटेलनगर निवासी कारोबारी राजीव जैन ने चार मार्च को सिविल लाइन थाने में तहरीर देकर बताया था कि एक मोबाइल नंबर से उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है और जान बचाने के नाम पर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी थी।
शुक्रवार को सिविल लाइन पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कारोबारी को धमकी देने वाले बदमाश बामहेड़ी रेलवे स्टेशन के पास किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखते ही दोनों बदमाश जंगल की ओर भागने लगे और पेड़ों की आड़ लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।

पुलिस ने बदमाशों को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने दोबारा फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने साहस दिखाते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश प्रताप चौधरी उर्फ “बदमाशों का देवता” गोली लगने से घायल हो गया। दूसरे आरोपी रवि उर्फ सूटर को पुलिस ने कांबिंग के दौरान दबोच लिया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोगों की हत्या की सुपारी लेते हैं। प्रताप चौधरी ने बताया कि जेल में उसकी मुलाकात अतुल नाम के व्यक्ति से हुई थी, जिसने राजीव जैन की हत्या के लिए 20 लाख रुपये की सुपारी दी थी। इसी साजिश के तहत दोनों ने चार मार्च को फोन कर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी और वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में भी जांच की जा रही है।

