टोल कार्य प्रणाली पर उठ रहे हैं सवाल
रिपोर्ट – एकरार खान

गाजीपुर। बिरनो क्षेत्र के क्यामपुर-मिर्जापुर डाढ़ी टोल प्लाजा पर अवैध तरीके से पर्ची काटने और फर्जी वसूली का मामला तेजी से सामने आ रहा है। टोल पर गुजरने वाले वाहन चालकों को बिना जानकारी के फर्जी स्लिप थमा दी जाती है और उनसे मनमाने तरीके से वसूली की जाती है। स्थानीय वाहन चालकों का आरोप है कि यहां सिस्टम में हेराफेरी कर फर्जी पर्ची जारी की जाती है, जिससे प्रतिदिन लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है।

सूत्रों के अनुसार, जिन वाहनों में FASTag नहीं लगा है, उनसे सामान्य दर से कहीं अधिक राशि वसूल की जाती है। वहीं जिन वाहनों में FASTag लगा है, उनमें भी जानबूझकर टैग स्कैन न करके कैश वसूली की जा रही है। कई वाहन चालकों ने बताया कि टोल कर्मियों द्वारा किसी भी प्रकार की रसीद का सही रिकॉर्ड नहीं रखा जा रहा है, जिससे सीधे-सीधे घोटाला किया जा रहा है।
वाहन चालकों ने यह भी बताया कि कई बार जब वे वैध चालान या FASTag दिखाते हैं, तब भी उन्हें बिना वजह रोका जाता है और अतिरिक्त रकम देने के लिए दबाव बनाया जाता है। इस तरह की घटनाएं आए दिन बढ़ती जा रही हैं, जिससे टोल प्लाजा की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस अवैध वसूली और फर्जी पर्ची काटने के मामले की जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। यदि जल्द कार्रवाई नहीं होती तो इस मामले में बड़े स्तर पर विरोध और प्रदर्शन की संभावना जताई जा रही है।

वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे इस टोल प्लाजा से गुजरते समय सावधान रहें, फर्जी पर्ची न लें और यदि किसी प्रकार की अनियमितता दिखे तो तुरंत संबंधित विभाग या पुलिस प्रशासन को इसकी सूचना दें।
