Headlines

ग्राम गढ़ी में क्लीनिक के बाहर विवाद के बाद बड़ा हमला, कई लोग गंभीर घायल

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी क्षेत्र के ग्राम गढ़ी में सोमवार दोपहर क्लीनिक के बाहर हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते बड़े हमले का रूप ले लिया। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने गश्त बढ़ाकर स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखा है।

सूत्रों के अनुसार ग्राम गढ़ी निवासी शाह आलम का भतीजा साहिब अपनी अम्मी की दवाई लेने के लिए गांव में ही स्थित डॉ. सागर के क्लिनिक पर गया था। आरोप है कि इसी दौरान सामने से आ रही एक क्रेटा कार में सवार फईम पुत्र नदीम, वसीम पुत्र वलेदीन और नौशाद पुत्र वकीलू ने साहिब की बाइक को जानबूझकर टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों युवक कार से उतर आए और साहिब के साथ मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट होते देख आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हुए, जिन्होंने किसी तरह साहिब को हमलावरों से बचाया। भीड़ बढ़ती देख आरोपी वहां से भाग निकले। लेकिन मामला यहीं शांत नहीं हुआ।

कुछ ही देर बाद आरोप है कि वलेदीन उर्फ वला, वकीलू, फईम, वसीम, नौशाद, राशिद उर्फ लालू और शानू पुत्र साबू एक राय होकर शाह आलम के घर के बाहर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए घर में घुस आए। परिवार कुछ समझ पाता उससे पहले ही हमलावरों ने लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से हमला करना शुरू कर दिया।

हमले में शाह आलम के भाई शौकीन और भतीजे साहिल के सिर और आंख पर गंभीर चोटें आईं। दोनों लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर आस-पड़ोस के आरिफ पुत्र अख्तर, मीरहसन पुत्र समयदीन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिन्होंने किसी तरह परिवार की जान बचाई और हमलावरों को पीछे हटाया।

इसके बाद शाह आलम ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल शौकीन व साहिल को जिला अस्पताल भिजवाया। दोनों का उपचार अस्पताल में जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद पुलिस ने गांव में गश्त बढ़ाकर लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की है। वहीं, पीड़ित शाह आलम ने थाने पहुंचकर सभी नामजद अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *