डिक्री शुदा भूमि पर जबरन नाली व रास्ता निकालने का आरोप, पीड़ित ने लगाई न्याय की गुहार

Spread the love

रिपोर्ट – एकरार खान

गाजीपुर। जिलाधिकारी गाजीपुर अविनाश कुमार को पीड़ित ने शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपते हुए न्याय की गुहार लगाई है। मामला सैदपुर तहसील के शादियाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जैतवार सवना का बताया जा रहा है।
प्रार्थी संजय चौहान पुत्र रामराज चौहान निवासी ग्राम जैतवार सवना ने बताया कि उनकी आबादी व कृषि भूमि पूरी तरह डिक्री शुदा है। उनके दादा रामदेव पुत्र झम्मन द्वारा दाखिल वाद संख्या 96/1974 (रामदेव बनाम पुनवासी आदि) में सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सैदपुर न्यायालय ने साक्ष्य एवं स्थलीय निरीक्षण के पश्चात उनके पक्ष में डिक्री पारित की थी। न्यायालय द्वारा विपक्षियों को उक्त भूमि में किसी भी प्रकार के कब्जा अथवा हस्तक्षेप से स्पष्ट रूप से प्रतिबंधित किया गया था।
इसके बावजूद आरोप है कि विपक्षी हरिश्चंद्र चौहान पुत्र स्वर्गीय मनकू चौहान द्वारा जबरन डिक्री शुदा भूमि में नाली व रास्ता निकालने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि क्षेत्र पंचायत सदस्य अजय पासवान की शह पर यह अवैध कार्य कराया जा रहा है। विरोध करने पर गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी देने की बात भी कही गई है।
पीड़ित का कहना है कि थाना शादियाबाद में शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई और मामले को राजस्व का बताकर टाल दिया गया। स्वयं को गरीब व कमजोर बताते हुए पीड़ित ने जिलाधिकारी से मांग की है कि डिक्री शुदा भूमि पर जबरन नाली व रास्ता निर्माण को तत्काल रोका जाए तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
मामले को लेकर ग्रामीणों में भी आक्रोश देखा जा रहा है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर क्या कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *