Headlines

50 हजार का इनामी ढेर, रात की मुठभेड़ में खत्म हुआ आतंक

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में देर रात पुलिस और 50 हजार रुपये के इनामी कुख्यात बदमाश के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ में अंतर्राज्यीय अपराधी अमजद का अंत हो गया। थाना बुढाना, तितावी और शाहपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने सटीक सूचना पर घेराबंदी की। खुद को चारों ओर से घिरा देख बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुआ और अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। अमजद पर हत्या, लूट, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत करीब 40 संगीन मुकदमे दर्ज थे और उसका नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ था।
खबर उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर
जनपद से है आपको बता दे की पुलिस को जैसे ही इनामी बदमाश की लोकेशन मिली, तीन थानों की संयुक्त टीम तत्काल सक्रिय हो गई। रणनीतिक तरीके से इलाके को घेर लिया गया। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने संयम रखते हुए आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान अमजद गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने तुरंत उसे कब्जे में लेकर सीएचसी बुढाना पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ देर बाद उसकी मृत्यु हो गई।
मुठभेड़ के दौरान उपनिरीक्षक संदीप कुमार और कांस्टेबल इशफाक भी घायल हुए। दोनों का उपचार जारी है और हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अमजद पुत्र जिलेदीन निवासी ग्राम हरसौली थाना शाहपुर, लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय था। वर्ष 2008 से लेकर 2026 तक उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट जैसे गंभीर मामलों में लगभग 40 मुकदमे दर्ज थे। मुज़फ़्फ़रनगर के अलावा गाजियाबाद, दिल्ली, नोएडा, हरिद्वार, बिजनौर, मेरठ, राजस्थान और बिहार तक उसका आपराधिक नेटवर्क फैला हुआ था।
थाना बुढाना में दर्ज दो ताजा मामलों में वह वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
इस मुठभेड़ को जिले में अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती और रणनीति के साथ जारी रहेगा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि इनामी बदमाश की मौजूदगी की सूचना पर संयुक्त टीम ने घेराबंदी की थी। घिरने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में वह घायल हुआ। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घायल पुलिसकर्मियों का उपचार जारी है और पूरे प्रकरण में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *