रिपोर्टर : कबीर
लोकेशन : मुजफ्फरनगर (मोरना/शुकतीर्थ)
मुजफ्फरनगर के मोरना-शुकतीर्थ मार्ग स्थित लाला गुलशन राय नेत्र चिकित्सालय परिसर में मंगलवार को ब्रह्मलीन स्वामी कल्याणदेव महाराज की पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी 11 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न अखाड़ों के संत-महात्माओं ने भाग लिया और स्वामी कल्याणदेव महाराज के जीवन, समाज सेवा तथा आध्यात्मिक योगदान को स्मरण किया।
संतों ने किया प्रतिमा का अनावरण
प्रतिमा का अनावरण श्रीमहंत पंचायती महानिर्वाणी अखाड़ा, कनखल के स्वामी रविन्द्रपुरी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वरदास महाराज, स्वामी ओमानन्द महाराज तथा महामंडलेश्वर स्वामी गोपालदास महाराज ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान लाला गुलशन राय जैन की प्रतिमा का भी अनावरण किया गया।
स्वामी ओमानन्द महाराज ने दिए आध्यात्मिक संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वामी ओमानन्द महाराज ने कहा कि स्वामी कल्याणदेव महाराज ने अपने जीवन के माध्यम से सत्य, धैर्य, सेवा और सदाचार का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि मनुष्य को ईर्ष्या, द्वेष और असत्य का त्याग कर निःस्वार्थ भाव से समाज सेवा करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि ज्ञान, दान, संतोष और विनम्रता मानव जीवन के महत्वपूर्ण मूल्य हैं तथा इन्हीं आदर्शों पर चलकर समाज और राष्ट्र का कल्याण संभव है।
बड़ी संख्या में संत और श्रद्धालु रहे उपस्थित
कार्यक्रम में स्वामी आनंद स्वरूप आनंद सरस्वती महाराज, स्वामी ईश्वरदास महाराज, स्वामी कनक प्रभानंद सरस्वती महाराज, पुष्कर आनंद महाराज, स्वामी विष्णु आचार्य महाराज, गीतानंद तीर्थ महाराज, आचार्य प्रेम शंकर मिश्रा तथा आचार्य इन्द्रपाल सहित अनेक संत-महात्मा और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन अजय कृष्ण शास्त्री ने किया। समारोह के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने स्वामी कल्याणदेव महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया।
