रिपोर्ट – शारिक खान
रामपुर। रामपुर के पहाड़ी गेट रोड पर रील बनाने के चक्कर में यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में थार गाड़ी में सवार युवक खिड़की से बाहर निकलकर स्टंट करता नजर आ रहा है। सड़क पर इस तरह स्टंट करने से बड़ा हादसा हो सकता था। बताया जा रहा है कि युवक रील बनाने के उद्देश्य से सड़क पर इस तरह का स्टंट कर रहा था। व्यस्त सड़क पर इस तरह वाहन चलाने और खिड़की से बाहर निकलकर स्टंट करने से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। इससे वाहन चालक के साथ-साथ सड़क से गुजर रहे अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती थी।
वीडियो सामने आने के बाद जनपद में यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज के चक्कर में युवा अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। वायरल वीडियो के आधार पर यातायात पुलिस द्वारा मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की जा रही है।
