रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। दीपावली पर भगत सिंह रोड पर लगने वाले अस्थायी बाजार का स्थान बदलने को लेकर गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। सड़क पर बाजार लगाने की अनुमति नहीं मिलने से नाराज रेहड़ी-पटरी दुकानदारों ने प्रशासन के फैसले का विरोध करते हुए टाउन हॉल मैदान में दुकानें लगाने से इनकार कर दिया। व्यापारियों का कहना था कि अचानक बाजार का स्थान बदलने से उनका कारोबार चौपट हो जाएगा और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
हंगामे की सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट दीपक पाल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अन्नू चौधरी, शहर कोतवाली प्रभारी बृजेश शर्मा समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने दुकानदारों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन व्यापारी अपनी मांग पर अड़े रहे।
दरअसल, भगत सिंह रोड पर पिछले कई वर्षों से दीपावली के मौके पर सड़क के बीचों-बीच अस्थायी बाजार लगता रहा है। इस बार प्रशासन ने यातायात व्यवस्था और सुरक्षा का हवाला देते हुए सड़क पर बाजार लगाने की अनुमति नहीं दी है। दुकानदारों को शिव चौक से करीब 400 मीटर आगे टाउन हॉल मैदान में दुकानें लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
दुकानदारों ने फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि भगत सिंह रोड पर पहले से ही दुकानों के बाहर ठिए लगे हुए हैं। कई व्यापारियों ने कथित तौर पर 20-20 हजार रुपये तक देकर ठिए खरीदे हैं। उनका कहना है कि दीपावली पर ग्राहक भगत सिंह रोड पर खरीदारी करने पहुंचेंगे, ऐसे में टाउन हॉल मैदान तक जाने वाले ग्राहकों की संख्या कम रहेगी। इससे उनका सामान नहीं बिकेगा और पूरे त्योहार की कमाई प्रभावित हो जाएगी।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने पहले उन्हें बाजार का स्थान बदलने की जानकारी नहीं दी। पहले जहां पांच दिन तक बाजार लगता था, वहीं अब दीपावली के बाजार के लिए महज तीन दिन शेष हैं। ऐसे में ऐन मौके पर स्थान बदलने से छोटे दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
उधर, प्रशासन ने टाउन हॉल मैदान में दुकानें आवंटित करने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रत्येक दुकानदार से 100 रुपये शुल्क लेकर रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है।
सड़क पर बाजार लगाने की अनुमति नहीं मिलेगी: सिटी मजिस्ट्रेट
सिटी मजिस्ट्रेट दीपक पाल ने दो टूक कहा कि इस बार भगत सिंह रोड पर सड़क के बीच किसी भी तरह का ठिया नहीं लगने दिया जाएगा। सड़क आवागमन के लिए है और बाजार लगने से यातायात बाधित होता है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने कहा कि बाजार में आग लगने जैसी आपात स्थिति पैदा होने पर दमकल की गाड़ियों को मौके तक पहुंचने में भी परेशानी होगी। इसी को ध्यान में रखते हुए टाउन हॉल मैदान में बाजार लगाने की व्यवस्था की गई है। आमजन की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
