रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। शहर में मोबाइल छिनैती की वारदात को अंजाम देकर फरार हुए आरोपियों को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पांच आरोपियों को दबोचने के साथ एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोटोरोला मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं।
पुलिस के मुताबिक, 17 अक्तूबर 2026 को बहलना चौक के पास बाइक सवार युवकों ने एक व्यक्ति से मोबाइल फोन छीन लिया था। पीड़ित की तहरीर पर थाना सिविल लाइन में मुकदमा संख्या 283/2026 दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
गुरुवार को प्रभारी निरीक्षक रघुराज सिंह के नेतृत्व में सिविल लाइन पुलिस ने चेकिंग के दौरान संधावली अंडरपास के पास घेराबंदी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से छीना गया मोटोरोला मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई दो स्प्लेंडर बाइक बरामद कीं।
ये आरोपी किए गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अजय और अक्षय निवासी बेहड़ाअस्सा थाना सिखेड़ा, अखिल निवासी अलमासपुर थाना नई मंडी, गोविंद निवासी निरगाजनी थाना भोपा और आर्यन निवासी नूनाखेड़ा थाना तितावी शामिल हैं। इनके साथ एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है।
इन पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक उधम सिंह, उपनिरीक्षक प्रशांत गिरी, कांस्टेबल अंकुर, कृष्ण मावी और अमित शर्मा शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
