रिपोर्ट: कबीर
स्थान: मुजफ्फरनगर
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने संगठनात्मक विस्तार के तहत पुरकाजी नगर पंचायत के चेयरमैन एवं अधिवक्ता जहीर फारूकी को राष्ट्रीय सचिव तथा विशेष आमंत्रित सदस्य (कार्यवाहक प्रभारी), शिक्षक प्रकोष्ठ उत्तर प्रदेश नियुक्त किया है। संगठन ने इसे किसान हितों के लिए उनके योगदान और संगठनात्मक सक्रियता का सम्मान बताया है।
टिकैत आवास पर सौंपा गया नियुक्ति पत्र
नई जिम्मेदारी का नियुक्ति पत्र टिकैत आवास पर आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत और वरिष्ठ नेता चौधरी रविन्द्र मलिक ने जहीर फारूकी को सौंपा। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
संगठन में अन्य नियुक्तियां भी
भाकियू (टिकैत) ने संगठन को मजबूत करने के लिए अनुपम कुमार शर्मा को महानगर अध्यक्ष (मुजफ्फरनगर) तथा अर्पित सिंह को युवा जोनल अध्यक्ष (बुंदेलखंड) नियुक्त किया है।
विकास कार्यों का भी मिला उल्लेख
संगठन ने कहा कि जहीर फारूकी ने पुरकाजी नगर पंचायत में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, साफ-सफाई और अन्य सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था कराई। इसके अलावा महिला जिम, डबल स्टोरी गौशाला, सूली वाला बाग, क्रांति एवं बलिदान स्थल के विकास तथा सरकारी विद्यालयों में स्मार्ट क्लास जैसी योजनाओं को आगे बढ़ाने में भी उनकी भूमिका रही है।
21 जुलाई को होगी किसान-मजदूर महापंचायत
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने प्रयागराज में चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में 21 जुलाई को किसान-मजदूर महापंचायत आयोजित करने की घोषणा की है। संगठन के अनुसार, महापंचायत में राकेश टिकैत भी शामिल होंगे और किसानों से जुड़े मुद्दों पर आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
