Homeउत्तर प्रदेश15 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, साथी समेत गिरफ्तार

15 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, साथी समेत गिरफ्तार

रिपोर्ट: कबीर

स्थान: मुजफ्फरनगर

मुजफ्फरनगर की नगर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार देर रात न्याजूपुरा-चरथावल रोड स्थित काली नदी पुल के पास हुई मुठभेड़ में 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश समीर उर्फ फौजी को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसका साथी रोहित भी पुलिस की घेराबंदी के दौरान पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में वाहन चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे भाग निकले। पीछा करने पर बारिश के कारण उनकी बाइक कच्चे रास्ते में फिसल गई। इसके बाद दोनों ने कथित रूप से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और जंगल की ओर भागने लगे।

पुलिस का कहना है कि आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद फायरिंग जारी रहने पर जवाबी कार्रवाई में समीर उर्फ फौजी के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी रोहित कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। घायल समीर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने दोनों के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस बाइक, दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार, समीर उर्फ फौजी आर्म्स एक्ट के एक मामले में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एससी-एसटी एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। रोहित के खिलाफ भी विभिन्न मामलों में आपराधिक रिकॉर्ड होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक शशि कपूर, कांस्टेबल नवीन सैनी, सुल्तान और टिंकू शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments