रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। शुक्रताल में आयोजित गंगा दशहरा मेले में श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों को परखने रविवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया स्वयं मैदान में उतरे। उन्होंने मेला क्षेत्र में बनाए गए चिकित्सा शिविरों और मोबाइल मेडिकल यूनिट का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता जांची। साथ ही चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने चिकित्सा शिविरों में उपलब्ध दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों और अन्य जरूरी संसाधनों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर तैनात चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए कहा कि मेले में आने वाले किसी भी श्रद्धालु को उपचार के लिए भटकना न पड़े। जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। मोबाइल मेडिकल यूनिट को भी पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर मौके पर ही उपचार की सुविधा मिल सके।
मोहन भागवत के कार्यक्रम को लेकर सेफ हाउस की जांच
शुक्रताल मेले की व्यवस्थाओं के निरीक्षण के बाद सीएमओ ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के मुजफ्फरनगर आगमन और प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयार किए गए दोनों सेफ हाउस का भी निरीक्षण किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपा में स्थापित सेफ हाउस की व्यवस्थाओं को विशेष रूप से परखा। यहां चिकित्सा उपकरणों, आवश्यक दवाइयों, चिकित्सकीय स्टाफ और आपातकालीन उपचार की तैयारियों की जानकारी ली।
सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा चिकित्सकीय टीम को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आपात स्थिति में चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में देरी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनपद में धार्मिक और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं एवं आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी चिकित्सा टीमों को पूरी सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए हैं।

