Homeउत्तर प्रदेशट्रांसफार्मर और बिजली लाइन चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, पांच आरोपी...

ट्रांसफार्मर और बिजली लाइन चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार; सात वारदातों का खुलासा

रिपोर्ट: कबीर

स्थान: मुजफ्फरनगर

ऑपरेशन किसान प्रहरी के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई

मुजफ्फरनगर पुलिस ने ऑपरेशन किसान प्रहरी के तहत ट्रांसफार्मरों और बिजली लाइनों से तांबा एवं अन्य कीमती सामान चोरी करने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। भोपा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि उनकी गिरफ्तारी से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई सात चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।

चोरी का सामान और उपकरण बरामद

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से ट्रांसफार्मरों से निकाला गया सामान, विद्युत तारों के बंडल, चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, एक एक्टिवा स्कूटी तथा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से जुड़ा एक रेहड़ा बरामद किया गया है। बरामद सामान को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी

पुलिस के मुताबिक 24 जुलाई को सूचना मिली थी कि ट्रांसफार्मर और बिजली लाइन चोरी करने वाले कुछ लोग ग्राम सिकंदरपुर के जंगल क्षेत्र में चोरी का सामान लेकर मौजूद हैं और उसे ठिकाने लगाने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने निगरानी झाल से तुगलपुर कम्हेड़ा मार्ग पर घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में कई वारदातों का खुलासा

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेर खान उर्फ शेर अली उर्फ शेर मोहम्मद, कुर्बान, जीशान, आसिफ और इस्लाम उर्फ बाला के रूप में हुई है। सभी आरोपी पुरकाजी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित तरीके से ट्रांसफार्मरों को क्षतिग्रस्त कर उनमें से तांबे के तार और अन्य कीमती पार्ट्स निकालते थे। इसके अलावा 11 केवी और एलटी बिजली लाइनों के तार काटकर चोरी करते थे। चोरी का सामान बेचने के बाद प्राप्त रकम आपस में बांट लेते थे।

कई थाना क्षेत्रों में सक्रिय था गिरोह

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों ने भोपा, ककरौली, रतनपुरी, फुगाना और कोतवाली नगर थाना क्षेत्रों में हुई कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस इन मामलों में आगे भी जांच कर रही है।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी शेर खान के खिलाफ मुजफ्फरनगर के अलावा मेरठ और बुलंदशहर में चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। अन्य गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।

नेटवर्क की तलाश जारी

थाना प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ-साथ चोरी का सामान खरीदने वाले नेटवर्क की भी तलाश कर रही है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments