रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। जाट महासभा उत्तर प्रदेश की ओर से मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान एवं अलंकरण समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। 27 सितंबर को श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेज में होने वाले समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह नौ बजे होगा।
शुक्रवार को जिला अध्यक्ष धर्मवीर बालियान के आवास पर हुई बैठक में समारोह की तैयारियों की समीक्षा की गई। अध्यक्षता धर्मवीर बालियान ने की और संचालन जयवीर सिंह ने किया। पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अतिथियों के स्वागत, पंजीकरण, मंच व्यवस्था समेत अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
जिला अध्यक्ष धर्मवीर बालियान ने बताया कि समाज की नई पीढ़ी को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना समारोह का प्रमुख उद्देश्य है। समारोह की अध्यक्षता बालियान खाप के चौधरी नरेश टिकैत करेंगे। डॉ. सुनील तेवतिया और श्रीमती जैस्मिन फौजदार मुख्य अतिथि रहेंगी। डॉ. राम मोहन, श्री राम तोमर, सुभाष चंद्र, भारत बालियान, राम सिंह कुल्हारी, अमित कुमार और सचिन राणा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम में डॉ. अनीता चौधरी और डॉ. लोकेंद्र बालियान सहयोगी की भूमिका निभाएंगे। जाट महासभा के प्रेस प्रवक्ता बिट्टू सिखेड़ा ने बताया कि मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए पंजीकरण की व्यवस्था कार्यक्रम स्थल पर रहेगी। उन्होंने निर्धारित समय पर श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेज, परिक्रमा मार्ग पहुंचने की अपील की।
बैठक में यशपाल सिंह, विराज तोमर, राकेश बालियान, अनुज भौराकला, बिट्टू सिखेड़ा, राहुल पवार, विनीत बालियान, प्रदीप सिंह, रमेश बालियान, यशपाल विश्वबंधु, मा. यशपाल सिंह, श्रद्धा पाल सिंह, चांदवीर, अंतिल, अमित कुमार समेत अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
