लोकेशन: एटा
आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर एटा प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने अलीगंज से फर्रुखाबाद के कायमगंज बॉर्डर तक कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सड़क, बिजली, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत, गड्ढे भरने तथा झुकी हुई विद्युत लाइनों को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 10 अस्थायी पुलिस पिकेट स्थापित करने का निर्णय लिया है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा नियमित पुलिस गश्त भी की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कांवड़ मार्ग पर चिकित्सकों की तैनाती, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित कांवड़ यात्रा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
