रिपोर्टर: पंकज मिश्रा
स्थान: हरैया, बस्ती
हरैया में विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बस्ती जनपद के हरैया में आयोजित कार्यक्रम में 504 करोड़ रुपये की लागत वाली 77 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र एवं सहायता सामग्री भी वितरित की गई।
मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत
कार्यक्रम में हरैया विधायक अजय सिंह ने मुख्यमंत्री का गदा भेंट कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विधायक अजय सिंह द्वारा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की।
कानून व्यवस्था और विकास पर बोले मुख्यमंत्री
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों, दलितों और वंचित वर्गों के हितों की रक्षा के लिए कार्य कर रही है तथा कानून के शासन को मजबूत किया गया है। उन्होंने बस्ती जनपद में कथित अवैध कब्जों के विरुद्ध की गई प्रशासनिक कार्रवाई का भी उल्लेख किया।
हजारों लोगों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार, हरैया और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों लोग मुख्यमंत्री का संबोधन सुनने पहुंचे।
कई जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश प्रभारी सूर्य प्रताप शाही, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा, हरैया विधायक अजय सिंह, पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी, पूर्व विधायक दयाराम चौधरी, रवि सोनकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।

