रिपोर्ट – ओमप्रकाश
चित्रकूट। चित्रकूट में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। सपा जिलाध्यक्ष शिवशंकर सिंह यादव के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर कर्वी तहसील पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के जरिए CEC ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने की मांग की गई।प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने CEC का पुतला फूंका। पुतला फूंकने के दौरान सपा नेताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और छीना-झपटी हुई। इसी दौरान कर्वी थाना इंस्पेक्टर भी आग की चपेट में आ गए।
मामले में कर्वी थाना पुलिस ने 15 नामजद सपा नेताओं/कार्यकर्ताओं और 20 से 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब प्रदर्शन में शामिल अज्ञात आरोपियों की पहचान कर रही है। पहचान सामने आने के बाद उनके नाम मुकदमे में शामिल कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि छीना-झपटी के दौरान थाना प्रभारी भी आग की चपेट में आए। पुलिस द्वारा घटना में शामिल अज्ञात लोगों को चिन्हित किया जा रहा है और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
