Homeउत्तर प्रदेशविश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े के तहत निकली जागरूकता रैली, परिवार नियोजन अपनाने...

विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े के तहत निकली जागरूकता रैली, परिवार नियोजन अपनाने का दिया संदेश

रिपोर्टर : कबीर

लोकेशन : मुजफ्फरनगर

विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा (11 से 24 जुलाई) के अंतर्गत सोमवार को मुजफ्फरनगर स्वास्थ्य विभाग ने एएनएम प्रशिक्षण केंद्र, कूकड़ा से परिवार नियोजन और जनसंख्या स्थिरता के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रैली निकाली। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया और लोगों से परिवार नियोजन अपनाकर स्वस्थ एवं समृद्ध समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।

परिवार नियोजन को बताया आवश्यक

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या की चुनौतियों को देखते हुए परिवार नियोजन को अपनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार होता है, महिलाओं का स्वास्थ्य सुरक्षित रहता है और परिवार की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति भी मजबूत होती है।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि पखवाड़े के दौरान अधिक से अधिक पात्र दंपत्तियों तक पहुंचकर परिवार नियोजन के स्थायी और अस्थायी साधनों की जानकारी दें तथा उपलब्ध सरकारी सेवाओं का लाभ दिलाएं।

रैली के माध्यम से किया जागरूक

रैली में शामिल स्वास्थ्य कर्मियों और एएनएम प्रशिक्षणार्थियों ने “छोटा परिवार, सुखी परिवार” और “स्वस्थ परिवार, समृद्ध समाज” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। इस दौरान आमजन को परिवार नियोजन से संबंधित निःशुल्क सरकारी सेवाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से परिवार नियोजन संबंधी भ्रांतियों को दूर कर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।

कई अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में परिवार कल्याण कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. गीतांजलि वर्मा, अपर शोध अधिकारी आनंद कुमार, जिला परिवार कल्याण एवं लॉजिस्टिक्स प्रबंधक डॉ. दिव्यांक दत्त, पीएसआई संस्था की जिला प्रतिनिधि भारती रावत, एएनएम प्रशिक्षण केंद्र कूकड़ा की प्रधानाचार्या सरिता, सोनी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और एएनएम प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

24 जुलाई तक चलेगा अभियान

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा 24 जुलाई तक जिलेभर में मनाया जाएगा। इस दौरान सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पर परिवार नियोजन से संबंधित विशेष जागरूकता अभियान, परामर्श शिविर और निःशुल्क सेवाएं संचालित की जाएंगी।

विभाग ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे परिवार नियोजन संबंधी सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाकर स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध परिवार के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments