रिपोर्ट – शुभम सिंह
बांदा। केंद्र सरकार द्वारा डिजिटल लेनदेन और यूपीआई भुगतान पर नया शुल्क/टैक्स लगाए जाने के निर्णय के खिलाफ बांदा जिले में राजनीतिक पारा चढ़ गया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय के निर्देशानुसार शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल बांदा स्थित इंदिरा नगर पहुँचा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं के दलबल ने उत्तर प्रदेश शासन के जल शक्ति राज्य मंत्री तथा तिंदवारी विधायक रामकेश निषाद के इंदिरा नगर आवास का घेराव किया।
इस दौरान कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं के हाथों में तख्तियां थीं और परिसर “यूपीआई टैक्स- रोल बैक, रोल बैक”, “कांग्रेस लाओ- देश बचाओ” जैसे गगनभेदी नारों से गूंज उठा। प्रदर्शन के अनोखे और प्रतीकात्मक विरोध के तहत कांग्रेसियों ने राज्य मंत्री रामकेश निषाद को ₹2000 मूल्य की पूजन सामग्री भेंट की और सरकार की जनविरोधी नीतियों पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
व्यापारियों और आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ – राजेश दीक्षित

प्रदर्शन के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा:
“वर्तमान केंद्र सरकार डिजिटल इंडिया का ढिंढोरा तो पीटती है, लेकिन अब यूपीआई भुगतान पर टैक्स लगाकर छोटे व्यापारियों, रेहड़ी-पटरी वालों और गरीब तबके की जेब पर सीधा डाका डाल रही है। डिजिटल भुगतान व्यवस्था का मूल उद्देश्य इसे सरल, सुलभ और पारदर्शी बनाना था, न कि इसे कमाई का जरिया बनाना।”
जिलाध्यक्ष ने मांग की कि यूपीआई पर लगाए गए नए शुल्क को सरकार तत्काल प्रभाव से वापस ले, ताकि आम नागरिकों और मध्यम वर्ग को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने इस जनविरोधी फैसले पर जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी। पार्टी सड़क से लेकर सदन तक निरंतर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेंगे: कांग्रेस नेता
जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने पार्टी के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के रुख को दोहराते हुए कहा कि आम जनता की आवाज दबाने नहीं दी जाएगी। हमारे जनप्रिय नेता राहुल गांधी जी सड़क से लेकर संसद तक इस तानाशाही नीति और डिजिटल टैक्स के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं और बांदा का एक-एक कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ उनके कंधे से कंधा मिलाकर इस लड़ाई में शामिल है।
कांग्रेस नेताओं का कहना था कि देश की अर्थव्यवस्था पहले से ही महंगाई और बेरोजगारी के दौर से गुजर रही है। ऐसे में डिजिटल लेनदेन को महंगा करना देश के छोटे कारोबारियों और आम उपभोक्ताओं की कमर तोड़ने जैसा है।
जल शक्ति राज्य मंत्री के आवास पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन और घेराव कार्यक्रम में पार्टी के जिला उपाध्यक्ष प्रोफेसर संजय द्विवेदी ‘दनादन’, जिला महामंत्री एवं मीडिया प्रभारी सत्य प्रकाश द्विवेदी (एडवोकेट), महासचिव शोएब रिजवी, कालीचरण निगम, अमित तिवारी,अंसार भाई सिद्दीकी (एडवोकेट)
जिला सचिव हेमंत वर्मा, बाबूराम यादव, शिवपूजन तिवारी, आरिफ निजामी, सुखलाल वर्मा, लालबाबू राजपूत, इसके अलावा बड़ी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन कार्यकर्ताओं का आक्रोश साफ नजर आया। कांग्रेसियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक यूपीआई टैक्स वापस नहीं लिया जाता, तब तक उनका यह जनांदोलन रुकने वाला नहीं है।।
