Homeउत्तर प्रदेशभोपा रोड पर प्रशासन का शिकंजा, भूसे से भरे ओवरलोड वाहनों पर...

भोपा रोड पर प्रशासन का शिकंजा, भूसे से भरे ओवरलोड वाहनों पर चला डंडा

रिपोर्ट: कबीर

मो.: 9389289821

मुजफ्फरनगर के भोपा रोड पर भूसे से लदे ओवरलोड वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। लगातार लग रहे जाम और यातायात अव्यवस्था को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आया। बुधवार को संयुक्त अभियान चलाकर ओवरलोड वाहनों की जांच की गई और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई।

सोशल मीडिया वीडियो के बाद हरकत में आया प्रशासन

भोपा रोड पर पेपर मिलों और फैक्ट्रियों के बाहर सड़क किनारे खड़े भूसे से भरे ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के कारण लंबे समय से जाम की समस्या बनी हुई थी।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की वजह से राहगीरों और वाहन चालकों को घंटों जाम में फंसा देखा गया। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया।

संयुक्त टीम ने चलाया चेकिंग अभियान

मामले में राजू कुमार साव के नेतृत्व में यातायात पुलिस, परिवहन विभाग और नई मंडी पुलिस की संयुक्त टीम ने भोपा रोड पर अभियान चलाया।

अभियान के दौरान सड़क पर दौड़ रहे ट्रकों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की जांच की गई। जांच में कई वाहनों में क्षमता से अधिक भूसा भरा मिला, जबकि कुछ वाहन बिना नंबर प्लेट के चलते पाए गए।

9 वाहनों के चालान, एक वाहन सीज

कार्रवाई के दौरान कुल 9 ओवरलोड वाहनों के चालान काटे गए। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट चल रहे एक वाहन को सीज कर दिया गया।

पुलिस और परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से वाहन चालकों और परिवहन कारोबारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों के अनुसार नियमों का उल्लंघन करने वालों पर करीब दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

जाम की समस्या पर प्रशासन सख्त

सीओ मंडी राजू कुमार साव ने साफ कहा कि भोपा रोड पर लंबे समय से जाम की समस्या बनी हुई है और अब यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में पेपर मिलों या फैक्ट्रियों के बाहर सड़क किनारे वाहन खड़े मिले और जाम की स्थिति बनी तो संबंधित फैक्ट्री संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

लोगों ने प्रशासनिक कार्रवाई का किया स्वागत

लगातार लग रहे जाम से परेशान स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों और सड़क किनारे खड़े ट्रकों की वजह से आए दिन यातायात प्रभावित होता था।

स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन आगे भी इसी तरह सख्ती बरतता रहेगा ताकि लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।

यातायात व्यवस्था सुधारने पर जोर

प्रशासन का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नियमित अभियान चलाए जाएंगे। ओवरलोडिंग, बिना नंबर प्लेट और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

अधिकारियों ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और सड़क पर अव्यवस्था पैदा न करने की अपील भी की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments