रिपोर्टर: कबीर
स्थान: मुजफ्फरनगर
बढ़ते जलस्तर पर प्रशासन की नजर
मुजफ्फरनगर में लगातार हो रही बारिश के बीच काली नदी का जलस्तर बढ़ने पर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने गुरुवार को नदी के तटीय क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
तटबंधों और संवेदनशील क्षेत्रों का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान एडीएम ने नदी के जलस्तर, तटबंधों और संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए।
राहत एवं बचाव की तैयारियां रखने के निर्देश
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि यदि नदी का जलस्तर और बढ़ता है तो तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी जाए तथा पूर्व निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाएं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश भी दिए।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
एडीएम ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर अपील की कि बिना आवश्यकता नदी के किनारे न जाएं। बच्चों को नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
अफवाहों से बचने की सलाह
उन्होंने कहा कि प्रशासन जन-धन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। लोगों से केवल प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई। साथ ही बताया कि वर्षाकाल को देखते हुए आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी कर ली गई हैं और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
