रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को खत्म करने और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) शाहपुर में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी देकर इसके खिलाफ आवाज उठाने का संकल्प दिलाया गया।
जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह और मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. राजीव कुमार, सदस्य बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) ने छात्राओं को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 के प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का हनन है और इससे बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा तथा भविष्य पर गंभीर असर पड़ता है।
उन्होंने बताया कि बाल विवाह के कारण बालिकाओं की पढ़ाई अधूरी छूट जाती है और कम उम्र में जिम्मेदारियों का बोझ उनके विकास में बाधा बनता है। बाल विवाह को रोकने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होना होगा और ऐसी किसी भी घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना देनी चाहिए।
कार्यक्रम में बालिकाओं ने शपथ लेते हुए नारा दिया— “हम सबका एक ही नारा, बाल विवाह मुक्त हो भारत हमारा।” छात्राओं को बताया गया कि बाल विवाह की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और महिला हेल्पलाइन नंबर 181 पर दी जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के उद्देश्य और कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर बालिकाओं को जागरूक किया गया। आयोजन में केजीबीवी शाहपुर की वार्डन और विद्यालय स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

