रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे नागरिकों को अब विशेष अभियान के तहत अपना नाम जुड़वाने का मौका मिलेगा। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन दोनों दिनों बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहकर मतदाता बनने के लिए आवेदन प्राप्त करेंगे।
बुधवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और महिला मतदाताओं को चिह्नित कर उनका पंजीकरण कराने पर जोर दिया गया। ऐसे पात्र नागरिकों के नाम फार्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान की तिथियां निर्धारित की गई हैं। इन दिनों बूथों पर पहुंचकर नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। जिन नागरिकों के नाम किसी कारण से मतदाता सूची से छूट गए हैं या विलोपित हो गए हैं, उन्हें भी पंजीकरण का अवसर मिलेगा।
बैठक में राजनीतिक दलों से अपने नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को विशेष अभियान की तिथियों पर मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहने का अनुरोध किया गया, ताकि बीएलओ को सहयोग मिल सके और पात्र मतदाताओं का नाम सूची में दर्ज कराने की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी देश दीपक सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कृष्णकान्त विश्वकर्मा मौजूद रहे। राजनीतिक दलों की ओर से भाजपा के ओम प्रकाश उपाध्याय, आम आदमी पार्टी के अजय चौधरी, कांग्रेस के जिला महासचिव ममनून अहमद एडवोकेट, सपा के जिला उपाध्यक्ष पवन बंसल, माकपा के सुभाष उपाध्याय, बसपा के जिला उपाध्यक्ष इंतजार अली और जिला महासचिव जी. सिंह बौद्ध ने भाग लिया।

