श्रावस्ती। गिलौला थाना क्षेत्र में जमीन विवाद से जुड़ा मामला उस समय गंभीर हो गया, जब कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए एक महिला पानी की टंकी पर चढ़ गई। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और महिला को समझाने का प्रयास शुरू किया।
पीड़िता का आरोप है कि इलाज के बहाने उसके बुजुर्ग परिजन से लाखों रुपये मूल्य की जमीन का बैनामा करा लिया गया। उसका दावा है कि दो बिस्वा जमीन का बैनामा कराकर चार बिस्वा जमीन पर कब्जा कर लिया गया। साथ ही जमीन के बदले दिया गया चेक बैंक में बाउंस हो गया।
महिला ने आरोप लगाया कि चेक बाउंस होने और कई बार शिकायत करने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि गिलौला थाने के एक हल्का दरोगा ने कार्रवाई के नाम पर 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पीड़िता का कहना है कि उसने करीब 15 दिन पहले जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से भी शिकायत की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने पुलिस पर आरोपियों को बचाने का भी आरोप लगाया है।
न्याय न मिलने से नाराज महिला पुरुषोत्तमपुर स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई और निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग पर अड़ गई।
मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी महिला को सुरक्षित नीचे उतारने और मामले के समाधान के लिए समझाने का प्रयास करते रहे।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
