ब्यूरो रिपोर्ट: कबीर
मुजफ्फरनगर जनपद के भोपा क्षेत्र स्थित जनता बैंक्वेट हॉल में केआईए क्लासेज द्वारा करियर काउंसलिंग सेमिनार एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को करियर संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं, जबकि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह में बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, अनुशासन और संघर्ष को सफलता की सबसे बड़ी कुंजी बताया गया।
विवेक सर का हुआ जोरदार स्वागत
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध शिक्षक विवेक सर का संस्थान की ओर से भव्य स्वागत किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल सपने देखने से सफलता हासिल नहीं होती, बल्कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन के साथ लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने छात्रों को आत्मविश्वास बनाए रखने और लगातार प्रयास करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी जो छात्र मेहनत जारी रखते हैं, वही भविष्य में बड़ी सफलता हासिल करते हैं।
नीट पेपर लीक पर जताई चिंता
विवेक सर ने अपने संबोधन में नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को गंभीर चिंता का विषय बताया। उन्होंने कहा कि बार-बार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाएं लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं।
उन्होंने कहा कि हर वर्ष किसी न किसी भर्ती या प्रतियोगी परीक्षा में गड़बड़ी सामने आना शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। सरकार को इस दिशा में कठोर और प्रभावी कदम उठाने चाहिए ताकि छात्रों का भरोसा कायम रह सके और मेहनती युवाओं के साथ अन्याय न हो।
ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को दिशा देने का प्रयास
केआईए क्लासेज के निदेशक एवं संस्थापक अक्षित सर ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि संस्थान केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों के व्यक्तित्व विकास और करियर निर्माण पर भी विशेष ध्यान देता है। उन्होंने कहा कि सही दिशा और बेहतर तैयारी से ग्रामीण क्षेत्र के छात्र भी बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकते हैं।
मेधावी छात्रों को किया गया सम्मानित
एबीएस पब्लिक स्कूल बसेड़ा के प्रबंधक नीरज बालियान ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रैंक होल्डर विद्यार्थियों को सम्मानित करना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था।
उन्होंने कहा कि केआईए क्लासेज वर्ष 2023 से युवाओं को सरकारी नौकरियों की तैयारी करा रही है और संस्थान ने कई छात्रों को सरकारी सेवाओं में सफलता दिलाई है।
समारोह के दौरान प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को पुरस्कार और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों के चेहरे पर सम्मान मिलने की खुशी साफ दिखाई दे रही थी।
कई स्कूलों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज जट मुजैड़ा, मॉडर्न इंटर कॉलेज, आरजी पब्लिक स्कूल, हेरिटेज पब्लिक स्कूल, इंद्रप्रस्थ पब्लिक स्कूल मोरना, जीएसएस अकैडमी और जेपीएस पब्लिक स्कूल सहित कई शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का संचालन शुभम कुमार और प्रीतम कुमार मिश्रा ने किया। इस दौरान कैप्टन प्रविण कुमार, संजय राठी (जिला अध्यक्ष राष्ट्रीय लोकदल), प्रवेंद्र दहिया, नीरजा बालियान, हरेंद्र शर्मा, विजय तौमर, सविता चौधरी, टीना चौधरी, निकिता शर्मा, रिया शर्मा, अंशु निर्वाल, उत्पल तोमर, सत्यव्रत, वाणी वत्स, श्वेत शर्मा, अभिषेक और नरेंद्र सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
तालियों की गूंज से गूंजता रहा सभागार
बड़ी संख्या में पहुंचे अभिभावकों और विद्यार्थियों की मौजूदगी से पूरा सभागार देर तक तालियों की गूंज से भरा रहा। कार्यक्रम में छात्रों ने करियर और शिक्षा से जुड़े सवाल भी पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से जवाब दिया गया।
समारोह के अंत में सभी ने शिक्षा के क्षेत्र में लगातार मेहनत करने और युवाओं को बेहतर भविष्य देने के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया।
