Homeउत्तर प्रदेश80वें स्वतंत्रता दिवस पर सरस्वती विद्या मंदिर में देशभक्ति के माहौल के...

80वें स्वतंत्रता दिवस पर सरस्वती विद्या मंदिर में देशभक्ति के माहौल के बीच हुआ भव्य ध्वजारोहण

रिपोर्ट शुभम सिंह

बांदा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शास्त्री नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ‘बुंदेलखंड यूथ फाउंडेशन’ के संस्थापक श्री प्रवीण सिंह ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
ध्वजारोहण के पश्चात मुख्य अतिथि सहित उपस्थित सभी अतिथियों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए उनके चित्रों पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह के दौरान विद्यालय परिसर पूरी तरह से राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। छात्र-छात्राओं में तिरंगे और देशप्रेम के प्रति जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री प्रवीण सिंह ने विद्यालय में निर्मित उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण और नवनिर्माण कार्यों की सराहना करते हुए प्रधानाचार्य व प्रबंधन टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा, “विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उच्च संस्कारों के साथ गढ़ना ही वास्तविक राष्ट्र निर्माण है, ताकि वे आगे चलकर देश के विकास में अपना योगदान दे सकें।”
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक श्री अशोक सिंह परिहार, जिला संघचालक श्री सुरेंद्र पाठक, पूर्व प्रबंधक एवं पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्री लवलेश सिंह तथा वरिष्ठ भाजपा नेता श्री बलराम सिंह कछवाहा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के आचार्य, शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं नगर के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। समारोह का समापन देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखने के संकल्प के साथ किया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments