Homeउत्तर प्रदेश06 से 12 दिसम्बर तक सात दिवसीय महादेवा महोत्सव का होगा भव्य...

06 से 12 दिसम्बर तक सात दिवसीय महादेवा महोत्सव का होगा भव्य आयोजन

महादेवा महोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

रिपोर्ट – संदीप वर्मा

बाराबंकी। बाराबंकी की रामनगर तहसील स्थित पौराणिक एवं धार्मिक स्थल श्री लोधेश्वर महादेव धाम में आयोजित होने वाले महादेवा महोत्सव-2026 (अगहनी मेला) की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में संबंधित अधिकारियों एवं मेला समिति के सदस्यों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महोत्सव के सफल, सुव्यवस्थित एवं भव्य आयोजन के संबंध में विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष सात दिवसीय महादेवा महोत्सव का आयोजन *06 दिसम्बर से 12 दिसम्बर 2026* तक किया जाएगा।

धार्मिक आयोजन के साथ पर्यटन विकास पर भी रहेगा विशेष फोकस

जिलाधिकारी ने कहा कि महादेवा महोत्सव जनपद की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। हमारा विशेष फोकस केवल महोत्सव के भव्य आयोजन तक सीमित न होकर श्री लोधेश्वर महादेव धाम एवं आसपास के क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने पर भी होना चाहिए। इसके लिए सुनियोजित प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को भी बढ़ावा दिया जा सके। उन्होंने कहा कि महादेवा धाम को एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में सभी संबंधित विभाग समन्वित प्रयास करें।

भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा अवसर

जिलाधिकारी ने महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा समय से तैयार करने तथा कलाकारों के चयन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों एवं प्रतिभाओं को विशेष प्राथमिकता दी जाए। महोत्सव में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पारंपरिक गतिविधियों के साथ-साथ क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का भी आयोजन कराया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

श्रद्धालुओं की सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर

जिलाधिकारी ने मेला परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत पेयजल, विद्युत, प्रकाश, साफ-सफाई, चिकित्सा एवं शौचालय सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की अधिक आवाजाही को देखते हुए भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग, यातायात एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जाए। सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था तथा अग्निशमन एवं आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को भी सक्रिय रखा जाए।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेला परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई कराई जाए। तालाबों की सफाई, पेयजल के लिए वाटर टैंकर एवं अस्थायी हैंडपंप की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा छुट्टा पशुओं के नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

विभागीय प्रदर्शनी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का होगा प्रचार-प्रसार

जिलाधिकारी ने महोत्सव के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एलईडी वैन, होर्डिंग एवं बैनर के माध्यम से शासन की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आमजन को विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त हो सके। साथ ही मनोरंजन, झूले एवं अन्य आकर्षक गतिविधियों के लिए भी सुव्यवस्थित स्थान निर्धारित किया जाए।

जनसहभागिता से सफल होगा महादेवा महोत्सव

जिलाधिकारी ने कहा कि महादेवा महोत्सव जनपद की गौरवशाली धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। इसके सफल आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, सामाजिक संगठनों एवं मेला समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी से आपसी समन्वय एवं सक्रिय सहभागिता के साथ आयोजन को भव्य और गरिमामय बनाने में सहयोग प्रदान करने की अपील की।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पंकज वर्मा, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) निरंकार सिंह, एएसपी उत्तरी विवेक तिवारी, एसडीएम रामनगर/सचिव मेला कमेटी आकांक्षा गुप्ता, सीओ गरिमा पंत, निवर्तमान विधायक शरद अवस्थी, अनिल शास्त्री सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, मेला समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments