Homeउत्तर प्रदेशमोबाइल छिनैती का खुलासा, चंडीगढ़ के दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार; एक...

मोबाइल छिनैती का खुलासा, चंडीगढ़ के दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार; एक को लगी गोली

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। गांधी कॉलोनी में बारातघर के बाहर महिला से मोबाइल छीनकर फरार हुए दो बदमाशों को नई मंडी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पचेंडा रोड पर पुलिस चेकिंग के दौरान बदमाशों ने घिरने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दूसरे साथी को पुलिस ने कांबिंग के दौरान दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से महिला से छीना गया वनप्लस नॉर्ड मोबाइल, दो तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट की स्कूटी बरामद हुई है।

पुलिस के मुताबिक, 25 अक्तूबर को गांधी कॉलोनी स्थित बारातघर के बाहर एक महिला से स्कूटी सवार बदमाश मोबाइल छीनकर फरार हो गए थे। मामले में नई मंडी थाने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई थीं।

सोमवार को थाना प्रभारी आनंद देव मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम पचेंडा रोड से नसीरपुर जाने वाली पुलिया पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एनएच-58 की ओर से बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों स्कूटी मोड़कर भागने लगे। आरोप है कि पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

भागते समय कच्चे रास्ते पर स्कूटी फिसलकर गिर गई। इसके बाद दोनों बदमाश स्कूटी छोड़कर पास के ईख के खेत में घुस गए और वहां से भी पुलिस पर गोलियां चलाईं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चंडीगढ़ निवासी विकास गोली लगने से घायल हो गया। उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भिजवाया गया, जबकि उसके साथी राहुल को पुलिस ने कांबिंग के दौरान पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस 315 बोर, छीना गया वनप्लस नॉर्ड मोबाइल और बिना नंबर प्लेट की स्कूटी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी विकास पुत्र बिजेंद्र निवासी मलोया कॉलोनी, सेक्टर-41 चंडीगढ़ और राहुल पुत्र मच्छी निवासी टठू माजरा, सेक्टर-41 चंडीगढ़ हैं। दोनों की उम्र क्रमश: करीब 23 और 26 वर्ष बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ नई मंडी थाने में मोबाइल छिनैती का मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा आयुध अधिनियम समेत अन्य धाराओं में भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस इनके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्र के साथ उपनिरीक्षक अनुभव चौधरी, शेखर कंडपाल समेत नई मंडी थाने की टीम शामिल रही।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments