हथियारों के दम पर विवादित जमीनों पर कब्जे की थी तैयारी, छह तमंचे, पिस्टल, दो राइफल और तीन लग्जरी गाड़ियां बरामद
रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। खादर क्षेत्र में विवादित और बेशकीमती जमीनों पर कब्जे का कथित संगठित नेटवर्क पुलिस के निशाने पर आ गया है। भोपा पुलिस ने ऑपरेशन कवच के तहत कार्रवाई करते हुए ऐसे गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है, जिसके सदस्य हथियारों के दम पर जमीनों पर कब्जा जमाने और अपने कब्जे को बरकरार रखने के लिए एकजुट होकर पहुंचते थे। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर समेत 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से छह तमंचे, एक पिस्टल, दो राइफल, एक दुनाली बंदूक, तलवार, नौ डंडे और तीन लग्जरी गाड़ियां बरामद की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों का नेटवर्क मुजफ्फरनगर से लेकर उत्तराखंड, हरियाणा और दिल्ली तक फैला बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर को भोपा थाना क्षेत्र की शुक्रताल चौकी के अंतर्गत पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गंगाघाट के पार से तीन गाड़ियों में सवार होकर 20 से 25 लोग खादर क्षेत्र की ओर आ रहे हैं। उनके पास हथियार हैं और वे किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने घेराबंदी की और तीनों गाड़ियों को रोक लिया। तलाशी के दौरान गाड़ियों से हथियार और लाठी-डंडे बरामद हुए। पुलिस ने मौके से 20 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
विवादित जमीनों पर कब्जे के लिए बनाते थे दबाव
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर खादर क्षेत्र में विवादित और कीमती जमीनों की खरीद-फरोख्त से जुड़े होने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य ऐसी जमीनों को निशाना बनाते थे, जिनके मालिकाना हक या कब्जे को लेकर विवाद चल रहा होता था। इसके बाद एकजुट होकर मौके पर पहुंचते और अपने पक्ष में कब्जा कराने का प्रयास करते थे। विरोध होने पर हथियारों के दम पर दबाव बनाने की तैयारी रहती थी। पुलिस का दावा है कि आरोपी एक विवादित जमीन पर कब्जा करने के इरादे से ही पहुंचे थे।
स्कॉर्पियो और थार समेत तीन गाड़ियां जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने छह तमंचे 315 बोर, एक पिस्टल .32 बोर, पांच कारतूस, एक पोनिया राइफल .22 बोर, एक फैक्ट्री मेड दुनाली बंदूक 12 बोर और एक राइफल 315 बोर बरामद की। इसके अलावा बड़ी संख्या में कारतूस, एक तलवार और नौ लकड़ी के डंडे भी मिले। पुलिस ने मौके से स्कॉर्पियो-एन, स्कॉर्पियो क्लासिक और थार समेत तीन लग्जरी गाड़ियां भी कब्जे में ली हैं।
हरिद्वार के हिस्ट्रीशीटर का भी नाम
गिरफ्तार आरोपियों में हरिद्वार के मंगलौर थाना क्षेत्र के खेड़ा निवासी सुरेंद्र सिंह भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, सुरेंद्र मंगलौर थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा आरोपी गौरव का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुजफ्फरनगर के साथ मेरठ, सहारनपुर, शामली, बागपत, हरिद्वार, अमरोहा, पिथौरागढ़, गोरखपुर, बाराबंकी, दिल्ली और हरियाणा के निवासी शामिल हैं।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
पूरी कार्रवाई भोपा थाना प्रभारी आशुतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। आरोपियों के खिलाफ भोपा थाने में आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी। खादर क्षेत्र में जमीनों को लेकर लंबे समय से चल रहे विवादों के बीच 20 लोगों की गिरफ्तारी से जमीन कब्जाने के कथित नेटवर्क और उसमें शामिल लोगों की भूमिका को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं।

