रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए सोमवार को पीआर पब्लिक स्कूल में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का भव्य शुभारंभ किया गया। 16 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान की शुरुआत अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस दौरान प्रचार वाहन और बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर जनजागरूकता अभियान रवाना किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार राणा सहित परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और विद्यालय प्रबंधन के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अतिथियों का स्वागत लाइव प्लांट और सड़क सुरक्षा शपथ प्रतीक चिह्न भेंटकर किया गया।
डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रत्येक नागरिक को यातायात नियमों का पालन करना होगा। हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन से दूरी और यातायात संकेतों का पालन करना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से सड़क सुरक्षा अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि बच्चे और युवा समाज में जागरूकता फैलाने का सशक्त माध्यम हैं। विद्यार्थी स्वयं नियमों का पालन करने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक मोहम्मद आरिफ ने भी विद्यार्थियों से यातायात नियमों को अपनी आदत में शामिल करने की अपील की।
कार्यक्रम में स्कूल के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के जरिए सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। कक्षा 11 की छात्राएं आर्य कौशिक और तनिष्का चौधरी तथा कक्षा सात की अवनी ने अपने विचारों से विद्यार्थियों को जागरूक किया। बेहतर प्रस्तुति देने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। यातायात उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र कुमार ने राहवीर योजना की जानकारी देते हुए सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।
प्रधानाचार्य अनघ सिंघल और प्रबंधक अशोक सिंघल ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की रक्षा की नैतिक जिम्मेदारी है। छोटी-छोटी सावधानियां बड़े हादसों को रोक सकती हैं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। समापन पर यात्री कर अधिकारी राजेन्द्र श्रीवास्तव ने परिवहन विभाग की ओर से अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यालय परिवार का आभार जताया। इस दौरान एआरटीओ प्रशासन अजय मिश्रा, एआरटीओ प्रवर्तन सीएल निगम, विद्यालय स्टाफ और परिवहन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

