16 से 30 नवंबर तक घर बैठे ऑनलाइन दर्ज करें परिवार और मकान का ब्योरा, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
स्व-गणना के बाद प्राप्त पहचान संख्या सुरक्षित रखें, प्रगणक को कराएं उपलब्ध
रिपोर्ट – शारिक खान
रामपुर। जनगणना-2027 में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री अजय कुमार द्विवेदी ने स्वयं ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर जनपदवासियों को इस अभियान से जुड़ने का संदेश दिया। उन्होंने नागरिकों से 16 से 30 नवंबर 2026 तक संचालित स्व-गणना अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपने परिवार व मकान का सही विवरण ऑनलाइन दर्ज करने की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारशिला है। इससे प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के वितरण और विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करती है। ऐसे में प्रत्येक परिवार की सही जानकारी दर्ज होना बेहद जरूरी है।
उन्होंने बताया कि स्व-गणना के लिए पोर्टल https://se.census.gov.in 30 नवंबर तक उपलब्ध रहेगा। नागरिक अपनी सुविधानुसार भाषा का चयन कर घर बैठे परिवार एवं मकान से संबंधित कुल 40 प्रश्नों के उत्तर ऑनलाइन भर सकते हैं। स्व-गणना पूरी होने के बाद मिलने वाली पहचान संख्या को सुरक्षित रखना अनिवार्य है। दिसंबर में घर पहुंचने वाले प्रगणक को यह पहचान संख्या उपलब्ध करानी होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि परिवार के सदस्यों के साथ घर में रहने वाले किरायेदारों और अन्य सदस्यों का विवरण भी सही-सही दर्ज करें, ताकि कोई भी व्यक्ति जनगणना से छूटने न पाए। ऑनलाइन स्व-गणना के बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनगणना का कार्य करेंगे।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे स्वयं स्व-गणना करें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। प्रगणकों को सही एवं पूरी जानकारी देकर सहयोग करें, ताकि रामपुर में जनगणना-2027 का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

