रिपोर्ट – शुभम सिंह
बांदा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में देशभर में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बांदा जिले में विविध सामाजिक एवं सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में युवा भाजपा नेता और बुंदेलखंड यूथ फाउंडेशन के संस्थापक प्रवीण सिंह ने कैलाशपुरी पहाड़ के नीचे स्थित अंबेडकर बस्ती (युवराज अंबेडकर एजुकेशन ट्रस्ट) में पहुंचकर जरूरतमंद बच्चों के साथ समय बिताया और उनके बीच फल तथा स्टेशनरी सामग्री का वितरण किया।
बच्चों के बीच उमड़ा उत्साह, शिक्षा के प्रति किया प्रेरित
कार्यक्रम के दौरान जब बच्चों को कॉपी, पेंसिल, पेन और अध्ययन सामग्री के साथ ताजे फल मिले, तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। सामग्री पाकर बच्चों में भारी उत्साह देखने को मिला। प्रवीण सिंह ने बच्चों के बीच बैठकर उनसे आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों की दैनिक पढ़ाई, खेलकूद में उनकी रुचियों और भविष्य में वे क्या बनना चाहते हैं, इस संबंध में विस्तार से जानकारी ली। प्रवीण सिंह ने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल जाने, पूरी लगन से पढ़ाई करने और अपनी प्रतिभा के दम पर अपने व अपने परिवार के भविष्य को संवारने के लिए प्रेरित किया।
‘सेवा कोई औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति संकल्प है’
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए बुंदेलखंड यूथ फाउंडेशन के संस्थापक प्रवीण सिंह ने कहा कि सेवा केवल किसी एक दिन का औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े होने तथा उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का अटूट संकल्प है। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षित बनाना और उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना किसी एक व्यक्ति या संस्था का काम नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
प्रवीन सिंह ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन और उनके विचारों से प्रेरणा लेकर ही सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा तैयार की गई है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक मदद पहुंचाना है। इसी सोच के तहत आज अंबेडकर बस्ती में बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और उन्हें पौष्टिक आहार के रूप में फल वितरित करने का प्रयास किया गया है, ताकि वे स्वस्थ रहें और एकाग्रता के साथ अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें।
स्थानीय नागरिकों एवं गणमान्य लोगों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस सेवा कार्यक्रम के दौरान पूरी बस्ती में एक आत्मीय और सकारात्मक माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। कार्यक्रम को सफल बनाने और व्यवस्थाएं संभालने में क्षेत्र के कई प्रमुख एवं गणमान्य व्यक्तियों ने अपना योगदान दिया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से दिलीप गुप्ता, चंद्रभान शुक्ला, संत शरण अवस्थी, हिमांशु सिंह, शौरभ मिश्रा तथा अभिनव गुप्ता सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी सहयोगियों ने बच्चों का मार्गदर्शन किया और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं।
