प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण एवं उद्बोधन सुना गया, ‘विकसित भारत@2047’ के संकल्प के साथ हुआ वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन
सतरिख नाका तिराहे पर जनप्रतिनिधियों द्वारा ‘सेवा ज्योति कलश’ की स्थापना
रिपोर्ट – संदीप वर्मा
बाराबंकी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज जनपद बाराबंकी में ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के प्रभारी मंत्री/राज्य मंत्री कारागार सुरेश राही, राज्यसभा सदस्य अमरपाल मौर्या, जिला पंचायत प्रशासक राजरानी रावत, विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, विधायक कुर्सी साकेन्द्र प्रताप वर्मा, विधायक हैदरगढ़ दिनेश रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित संबंधित अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों द्वारा देखा एवं सुना गया। इस अवसर पर ‘विकसित भारत@2047’ के संकल्प के साथ सामूहिक रूप से वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान का गायन किया गया।
इसके उपरांत जीआईसी ऑडिटोरियम से सतरिख नाका तिराहे तक भव्य ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली गई। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यात्रा के सतरिख नाका तिराहे पर पहुंचने के उपरांत जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा ‘सेवा ज्योति कलश’ की स्थापना की गई।
‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के माध्यम से सेवा, राष्ट्रनिर्माण और ‘विकसित भारत@2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान देश एवं प्रदेश के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प को दोहराया गया। कार्यक्रम में जनपद के अन्य जनप्रतिनिधिगण, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
