रिपोर्ट – ओमप्रकाश
चित्रकूट। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर पुलिस विभाग की ओर से रन फॉर यूनिटी का भव्य आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने रेहुटिया स्थित हिंदुस्तान पेट्रोल पंप से हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया। पुलिसकर्मियों, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों ने दौड़ में उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
चित्रकूट में आयोजित रन फॉर यूनिटी में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। दौड़ में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, रिक्रूट आरक्षी, स्कूली छात्र-छात्राएं, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि और आम नागरिक शामिल हुए।
इस दौरान प्रतिभागियों ने एक भारत-श्रेष्ठ भारत और सरदार पटेल अमर रहें जैसे नारों के साथ राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।
दौड़ प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग से आरक्षी सर्वजीत ने प्रथम, रिक्रूट आरक्षी अभिषेक ने द्वितीय और आरक्षी सुनील कुमार वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं महिला वर्ग में महिला आरक्षी पूनम पटेल प्रथम, माद्री तोमर द्वितीय और अनामिका तृतीय स्थान पर रहीं।
जे.एम. पब्लिक स्कूल के छात्र वर्ग में आदर्श मिश्रा ने प्रथम, अंशू ने द्वितीय, अनूप ने तृतीय और हर्षनयन ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।
सभी विजेताओं को पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर एसपी ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए कहा कि एकजुट भारत ही सशक्त भारत है। उन्होंने सभी से देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति समर्पित रहने की अपील की।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पीयूषकांत राय, क्षेत्राधिकारी फायर यदुनाथ सिंह, प्रतिसार निरीक्षक रामाशीष यादव सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में भी रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया।
