रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। जिला सड़क सुरक्षा समिति की सितंबर माह की बैठक जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जूम एप के माध्यम से हुई। बैठक में सड़क हादसों की रोकथाम, अनफिट वाहनों पर कार्रवाई और ब्लैक स्पॉट के सुधार को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को प्रवर्तन की कार्रवाई प्रभावी ढंग से करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों में अनफिट वाहनों के संचालन पर रोक लगाने के लिए एआरटीओ को प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। साथ ही बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में ब्लैक स्पॉट पर कराए गए सुधारात्मक कार्यों की समीक्षा की गई। वर्ष 2026 में सामने आए नए ब्लैक स्पॉट का तत्काल चिन्हांकन कर अल्पकालीन सुधार कराने के निर्देश एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिए गए। संभावित सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी इंतजाम जल्द पूरा करने को कहा गया।
डीएम ने एनएचएआई के अधिकारियों को संबंधित मार्गों पर पेड़ों की कटाई-छंटाई कराने के भी निर्देश दिए। आगामी गन्ना सीजन को देखते हुए जिला गन्ना विभाग को सभी चीनी मिल स्वामियों के साथ बैठक करने को कहा गया। इसमें अनफिट वाहनों का इस्तेमाल नहीं करने और गन्ना ढोने वाले वाहनों में ओवरलोडिंग रोकने के निर्देश दिए जाएंगे।
शहर में संचालित ई-रिक्शाओं की लगातार फिटनेस और लाइसेंस जांच कराने के निर्देश एआरटीओ को दिए गए। अवैध रूप से संचालित ई-रिक्शाओं को तत्काल बंद कराने के लिए भी कहा गया।
