Homeउत्तर प्रदेशशादी से लौट रहे किसान नेता पर जानलेवा हमला, तीन नामजद आरोपियों...

शादी से लौट रहे किसान नेता पर जानलेवा हमला, तीन नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज, आंदोलन की चेतावनी

मुजफ्फरनगर | कबीर

मुजफ्फरनगर में भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के जिला अध्यक्ष शाहिद राजा पर हुए कथित जानलेवा हमले के बाद संगठन में भारी आक्रोश व्याप्त है। संगठन ने घटना को गंभीर बताते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है और कार्रवाई में देरी होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

जानकारी के अनुसार शाहिद राजा शुक्रवार देर रात एक शादी समारोह से अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया और लाठी-डंडों सहित अन्य हथियारों से हमला कर दिया। हमले में शाहिद राजा गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार होने का भी आरोप है।

घटना के बाद सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े शाहिद राजा को राहगीरों ने देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पल्लू पुत्र अब्बास, मोहसीन पुत्र अब्बास और मोबिन पुत्र अब्बास के खिलाफ जानलेवा हमला समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

घटना की जानकारी मिलने पर भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी मोहम्मद शाह आलम जिला अस्पताल पहुंचे और घायल शाहिद राजा का हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि यह हमला बेहद गंभीर है और प्रथम दृष्टया एक सुनियोजित साजिश प्रतीत होता है। संगठन अपने जिला अध्यक्ष पर हुए हमले को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं करेगा।

चौधरी शाह आलम ने बताया कि संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है, जिसमें आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई नहीं करती है तो संगठन व्यापक आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगा।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोगों की निगाहें पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments