Homeउत्तर प्रदेशशादी की विदाई में पटाखों की चिंगारी से लगी गोदाम में आग,...

शादी की विदाई में पटाखों की चिंगारी से लगी गोदाम में आग, करोड़ों का माल जलकर राख,12 से ज्यादा दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र के कूकड़ा चौराहे के पास शनिवार सुबह लगभग 6 बजे ले आसपास प्लास्टिक के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आसमान में धुएं का घना गुबार और आग की ऊंची लपटें देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की भयावहता को देखते हुए एहतियातन आसपास की दुकानों को खाली कराया गया। दमकल विभाग की 12 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर लगभग काबू पा लिया गया। आग से गोदाम मालिक को करीब 1-1.5 करोड़ रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई जा रहI है।

जानकारी के अनुसार, गोदाम के सामने स्थित देवलोक शादी एवं पार्टी हॉल में शुक्रवार रात शादी समारोह था। शनिवार सुबह दुल्हन की विदाई के दौरान आतिशबाजी की गई। बताया जा रहा है कि इस दौरान स्काई शॉट पटाखे से निकली चिंगारी उड़कर गोदाम में रखे प्लास्टिक के सामान पर जा गिरी, जिसके बाद गोदाम में आग लग गई। प्लास्टिक का सामान होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की लपटें और धुएं का गुबार काफी दूर तक दिखाई दिया। आसपास की दुकानों तक आग पहुंचने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन दुकानों को खाली कराया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। शुरुआत में तीन दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटी थीं, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए धीरे-धीरे 12 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने लगातार प्रयास कर आग पर लगभग काबू पा लिया।

गोदाम मालिक मनोज खंडेलवाल का परिवार भी मौके पर मौजूद रहा। आग से हुए भारी नुकसान को देखकर गोदाम मालिक की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए घर ले जाया गया। जानकारी के अनुसार, गोदाम में फ्रेश पैकिंग बैग का सामान रखा हुआ था, जिसकी कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।

नवीन मंडी के व्यापारी नेताओं ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित व्यापारी मनोज खंडेलवाल को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिया। नवीन मंडी व्यापार संघ के अध्यक्ष संजय मिश्रा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि यह फ्रेश पैकिंग बैग का गोदाम था, जिसमें करोड़ों रुपये का माल रखा हुआ था। आग की घटना से गोदाम मालिक को गहरा सदमा लगा है और उनकी हालत भी बिगड़ गई है।

घटना की सूचना मिलने पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट दीपक पाल, एसडीएम सदर शुभम श्रीवास्तव और तहसीलदार सदर दीप्ति पाल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारी लगातार आग बुझाने के अभियान की निगरानी कर रहे है।

वहीं, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दुख की इस घड़ी में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। बताया जा रहा है कि शादी समारोह में शामिल लोग आग लगने के बाद कुछ सामान छोड़कर मौके से चले गए थे। आग के सही कारणों की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस अभी जांच में जुटी हुई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments