रिपोर्ट – प्रदीप गुप्ता
श्रावस्ती। जनपद में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी सूचना के अनुसार जनपद में 27 सितंबर 2026 तक अत्यधिक बारिश का रेड अलर्ट प्रभावी है। प्रशासन के अनुसार राप्ती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। लेकिन अनुमान है कि रात्रि तक यह खतरे के निशान को पार कर सकता है। ऐसे में नदी किनारे रहने वाले लोगों तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा है कि नदी, नहर, तालाब और नालों के बढ़ते जलस्तर से दूर रहें तथा अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में न जाएं। कमजोर, कच्चे एवं जर्जर भवनों में रहने से बचें और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर शरण लें। प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के दौरान वज्रपात और सर्पदंश की घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में खुले स्थानों पर जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित विभागों को सूचना दें।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने, प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने तथा आपदा की स्थिति में एक-दूसरे का सहयोग करने की अपील की है। प्रशासनिक अधिकारियों को भी सतर्क रहने और संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
“सुरक्षित रहें, सजग रहें और प्रशासन का सहयोग करें” के संदेश के साथ जिला प्रशासन ने सभी जनपदवासियों से सावधानी बरतने की अपील की है। वही पुलिस पुलिस प्रशासन द्वारा भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है डायल 112 की मदद से एलाउंसमर्ट कराया जा रहा है कि जनपद में तेज बारिश और आंधी, तूफान आने की संभावना है सभी जनमानस सुरक्षित स्थान पर रहे। बिना किसी आवश्यक कार्य के घर से बाहर न निकलें।
